शहर कोतवाली क्षेत्र में गत 16 सितंबर को गाड़ियों में सवार होकर सरेराह ताबड़तोड़ फायरिंग करने और इलाके में दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में नूरपुर थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर आशुतोष उर्फ छोटू और उसका साथी अमजद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी अमजद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
16 सितंबर को गाड़ियों से हुई थी गैंगवार
उल्लेखनीय है कि 16 सितंबर को हीलर्स हॉस्पिटल से काली माता मंदिर रोड पर अलग-अलग चौपहिया वाहनों में सवार गुटों के बीच एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी। इस सनसनीखेज घटना के संबंध में उपनिरीक्षक शेखर कुमार की तहरीर पर धारा 109(1) बीएनएस तथा 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों (आकाश और हिमांशु) को स्कॉर्पियो गाड़ी सहित गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विवेचना के दौरान सामने आए नाम, 24 सितंबर को हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों आशुतोष उर्फ छोटू तथा अमजद के नाम प्रकाश में आए। 24 सितंबर को शहर कोतवाली पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आशुतोष उर्फ छोटू पुत्र रामलाल सिंह (निवासी मोहल्ला रविदास नगर, कस्बा व थाना नूरपुर, बिजनौर), अमजद पुत्र इदरीस (निवासी ग्राम किरार खेड़ी, थाना धामपुर, बिजनौर)। अमजद के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस मिलने पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में खोला फायरिंग का घटनाक्रम
पूछताछ के दौरान आरोपी आशुतोष ने बताया कि 16 सितंबर को वह अपने साथियों के साथ ऑल्टो कार में जा रहा था। उसके पीछे स्कॉर्पियो और सबसे पीछे सफेद रंग की इकोस्पोर्ट कार चल रही थी। इकोस्पोर्ट सवार युवकों ने स्कॉर्पियो पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में उनके साथियों ने भी गोलियां चलाईं। वहीं, आरोपी अमजद ने कुबूल किया कि वह स्कॉर्पियो में मौजूद था। काली माता मंदिर के पास जब सफेद इकोस्पोर्ट सवारों ने हमला किया, तो उसने भी अपने पास मौजूद तमंचे से जवाबी फायरिंग की थी।
हिस्ट्रीशीटर आशुतोष पर दर्ज हैं 20 संगीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आशुतोष उर्फ छोटू नूरपुर थाने का मय-हिस्ट्रीशीट (हिस्ट्रीशीट संख्या: 172ए) अपराधी है। उसके खिलाफ नूरपुर, चांदपुर, नहटौर और कोतवाली शहर में जानलेवा हमला (307), बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा गुंडा एक्ट से जुड़े कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक संजीव कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल रजत कुमार, कांस्टेबल राहुल तथा हेड कांस्टेबल चालक पुष्पेन्द्र शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
| पाठक संख्या |
Visits
