स्योहारा । ठाकुरद्वारा मार्ग पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कृष्णा होटल के पास घुमाव पर तीन सवारियों से भरी बुलेट मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में कुछ देर पहले तक जिंदगी की उम्मीदें थीं, वहां अपनों को खोने का गम छा गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग स्योहारा से ठाकुरद्वारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कृष्णा होटल के पास घुमाव पर पहुंचे, मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे में तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां महेंद्र और मदन सिंह को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल अनिल यादव का उपचार जारी है। दो लोगों की मौत की खबर से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।हादसे में घायल अनिल यादव (60 वर्ष) पुत्र पतराम सिंह निवासी ग्राम कृष्ण रामपुर हैं। वहीं, मृतकों की पहचान महेंद्र (65 वर्ष) पुत्र कृपाल सिंह निवासी ग्राम लंबाखेड़ा तथा मदन सिंह (60 वर्ष) पुत्र भगवाना निवासी ग्राम खाईखेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मृतकों और घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
| पाठक संख्या |
Visitors
