बहादरपुर मोड़ पर कार रोककर फायरिंग करने व पैर में छर्रा लगने का आरोप पीड़ित के तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी ,कहा फोरेंसिक जांच के बाद साफ होगी तस्वीर पांच लाख रुपये के लेनदेन का भी आरोप, - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

बुधवार, 12 अगस्त 2026

बहादरपुर मोड़ पर कार रोककर फायरिंग करने व पैर में छर्रा लगने का आरोप पीड़ित के तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी ,कहा फोरेंसिक जांच के बाद साफ होगी तस्वीर पांच लाख रुपये के लेनदेन का भी आरोप,

News network india


किरतपुर । नगर के मोहल्ला जाटान निवासी 25 वर्षीय अर्पण गुप्ता पुत्र संजीव गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वह बहादरपुर में अपने वकील मंजीत कुमार से मिलकर कार द्वारा किरतपुर लौट रहा था। पीड़ित के मुताबिक, बहादरपुर मोड़ के पास कुछ युवकों और एक युवती ने उसकी कार को रोक लिया और उस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अर्पण ने फायरिंग के दौरान पैर में छर्रा लगने का भी दावा किया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।


पुरानी रंजिश और धमकी का आरोप


पीड़ित अर्पण गुप्ता का आरोप है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। उसके अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से उसे पहले कई बार फोन कर धमकाया गया था। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे सिडकुल हरिद्वार में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई थी।

अर्पण ने कुछ पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद होने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, करीब पांच लाख रुपये दूसरे पक्ष के पास हैं और रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।


रिश्ता था या प्रेम-प्रसंग, स्थिति स्पष्ट नहीं


मामले में एक युवती का नाम सामने आने के बाद घटना के पीछे रिश्ते की बातचीत थी या दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग, इसको लेकर भी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पीड़ित की ओर से बताया गया है कि संबंधित परिवार में उसका रिश्ता होने की बातचीत चल रही थी, लेकिन किसी अनबन के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी।

वहीं, पीड़ित ने युवती पर भी उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इन परिस्थितियों के चलते पुलिस अब रिश्ते की बातचीत, कथित प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन सहित सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

पीड़ित द्वारा कुछ युवकों और युवती पर फायरिंग, धमकी तथा पैसों के विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल पीड़ित के बयान पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फोरेंसिक और पुलिस जांच के बाद ही अग्रिम कार्यवाही होगी।

क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम ने बताया कि अर्पण गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोगों ने उसके ऊपर फायरिंग की, जिससे उसके पैर में छर्रे लगे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों, पीड़ित के बयान और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। फोरेंसिक जांच और पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग की घटना तथा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष को दोषी नहीं माना है। रिश्ता, कथित प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Word Counter Free
पाठक संख्या



Free Counter