साढ़े नौ बीघा जमीन के विवाद में किसान की हत्या! साढ़े तीन लाख रुपये में तय हुआ था सौदा, पांच आरोपी गिरफ्तार चांदपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की कार्रवाई, दो तमंचे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

साढ़े नौ बीघा जमीन के विवाद में किसान की हत्या! साढ़े तीन लाख रुपये में तय हुआ था सौदा, पांच आरोपी गिरफ्तार चांदपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की कार्रवाई, दो तमंचे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

 

News network india

 चांदपुर थाना क्षेत्र में किसान विजयपाल सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, साढ़े नौ बीघा जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक के भतीजे प्रिंस तोमर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, हत्या में इस्तेमाल तमंचों की खरीद-फरोख्त के मामले में अमरोहा निवासी एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। इस तरह पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, ग्राम कैलनपुर निवासी विजयपाल सिंह की हत्या के मामले में उनके पुत्र मोहित सिंह तोमर ने 22 अक्टूबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके आधार पर थाना चांदपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की टीमों को आरोपियों की तलाश और घटना के खुलासे में लगाया गया था।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रिंस तोमर ने बताया कि उसके ताऊ विजयपाल सिंह के साथ साढ़े नौ बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों शानू उर्फ मैशानू, मोहम्मद फैजान और राबिश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए साढ़े तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें फैजान को 20 हजार रुपये दिए गए थे।


ट्रैक्टर से खेत जोतकर लौट रहे किसान को मारी गोली

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 21 अक्टूबर को विजयपाल सिंह ट्रैक्टर से खेत जोतकर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रिंस, फैजान और राबिश ने तमंचों से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने तमंचे रामपुर नजराना की ओर नहर के पास झाड़ियों में छिपा दिए थे।


हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए दोनों तमंचे अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम नवाबपुरा निवासी विनित कुमार से खरीदे गए थे। पुलिस ने हथियारों के स्रोत का पता लगाते हुए विनित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।


तमंचे, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तमंचों की नाल में फंसे दो खोखा कारतूस, दो अन्य तमंचे, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है। मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और थाना चांदपुर पुलिस शामिल रही। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है ।

Find Total Words
पाठक संख्या



Visits